गुरुवार, 13 अगस्त 2026

अम्बेडकर नगर :कांवड़ियों की सेवा में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य कैंप, 24 घंटे डॉक्टरों की रहेगी तैनाती।।||Ambedkar Nagar:A free health camp has been set up for the benefit of pilgrims, with doctors on duty 24 hours a day.||

शेयर करें:
अम्बेडकर नगर :
कांवड़ियों की सेवा में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य कैंप, 24 घंटे डॉक्टरों की रहेगी तैनाती।।
।।ए के चतुर्वेदी।।
दो टूक : अंबेडकरनगर जनपद में कांवड़ यात्रा के दौरान दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पुरानी तहसील तिराहा पर निःशुल्क स्वास्थ्य कैंप शुरू किया गया है। गुरुवार को एडिशनल सीएमओ डॉ. रामानंद सागर ने फीता काटकर कैंप का उद्घाटन किया।
समाजसेवी बरकत अली की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी कांवड़ियों की सेवा के लिए यह स्वास्थ्य कैंप लगाया गया है। 13 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक चलने वाले कैंप में कांवड़ियों को प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
सीएचसी अकबरपुर के आदेश के अनुसार कैंप में 24 घंटे तीन शिफ्टों में चिकित्सीय टीम तैनात रहेगी। सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक डॉ. स्वर्णिमा वर्मा के साथ शिवरतन, अमित और अनीश ड्यूटी पर रहेंगे। दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक डॉ. रविकांत वर्मा के साथ मयंक दुबे और अफजल मौजूद रहेंगे। वहीं रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक दिव्यांश कनौजिया और वंश कनौजिया कांवड़ियों को स्वास्थ्य सेवाएं देंगे।
उद्घाटन के दौरान समाजसेवी बरकत अली ने कहा कि कांवड़ यात्रा में दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। यात्रा के दौरान किसी कांवड़िये को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से निःशुल्क स्वास्थ्य कैंप लगाया गया है। उन्होंने सभी कांवड़ियों से कैंप का लाभ उठाने की अपील की।
इस मौके पर आलोक कुमार, संतोष कुमार, राजेश मिश्रा और अमरजीत पटेल समेत अन्य सामाज सेवक मौजूद रहे।।