लखनऊ :
पुलिस ने चेन स्नैचिंग गैंग का खुलासा करते हुए तीन शातिर लुटेरों को किया गिरफ्तार।।।
तीन वारदातों का खुलासा—तीन लाख की दो चेन और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना मड़ियांव इलाके में राह चलते लोगों को निशाना बनाकर चेन और मोबाइल लूटने वाले तीन शातिर लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लुटेरे गैंग खुलासा किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की पीली धातु की दो चेन बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद किया गया है।
विस्तार :
DCP उत्तरी अमित कुमार आनंद ने बताया कि थाना मड़ियांव क्षेत्र मे बीते 8 अगस्त को एक महिला ई-रिक्शा से अपने घर जा रही थीं। घर के पास पहुंचते ही बाइक सवार बदमाशों में से एक ने पीछे से झपट्टा मारकर महिला के गले से चेन छीन ली। वारदात के बाद आरोपी पहले से बाइक लेकर खड़े अपने दो साथियों के साथ मौके से फरार हो गए। मामले में पीड़ित महिला के बेटे मोहित अवस्थी की तहरीर पर थाना मड़ियांव में मु0अ0सं0 379/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
यादव चौराहे के पास पुलिस के हत्थे चढ़े तीनों।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों ने जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई शुरू की। मंगलवार 11 अगस्त को पुलिस ने यादव चौराहे के पास से तीन आरोपियों को करीब 2:20 बजे हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इम्तियाज पुत्र वसीम, निवासी पारा, उम्र करीब 30 वर्ष, देवेन्द्र सिंह पुत्र सरवन सिंह, निवासी राजाजीपुरम, उम्र करीब 20 वर्ष और अरुण त्रिपाठी पुत्र राम प्रकाश, निवासी पारा, उम्र करीब 20 वर्ष के रूप में हुई।
दो महीने पुरानी मोबाइल छिनैती भी कबूली।
पुलिस जांच में आरोपियों से पूछताछ के दौरान एक और वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, करीब दो माह पहले आरोपियों ने आईआईएम रोड पर राह चलते व्यक्ति से मोबाइल छीना था। मोबाइल का लॉक नहीं खुलने पर आरोपियों ने उसे यादव चौराहे के पास झाड़ियों में फेंक दिया था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज अन्य मुकदमों को भी जांच में शामिल किया है। बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी की गई है।
स्नैचिंग से शौक और जुए तक चलता था खर्च।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बाइक पर सवार होकर राह चलते लोगों को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही मोबाइल और चेन पर झपट्टा मारकर फरार हो जाते थे। लूटे गए सामान को बेचकर मिलने वाले रुपये का इस्तेमाल अपने शौक पूरे करने और जुआ खेलने में करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में इम्तियाज के खिलाफ लखनऊ और उन्नाव के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।वहीं देवेन्द्र सिंह के खिलाफ उन्नाव और लखनऊ में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ मोहनलालगंज थाने में वर्ष 2021 से चोरी के कई मामले भी दर्ज हैं। अरुण त्रिपाठी के खिलाफ भी मोहनलालगंज थाने में चोरी और चोरी का माल बरामद होने से संबंधित मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार तीनो लुटेरों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
