सोमवार, 17 अगस्त 2026

लखनऊ : हजरतगंज में खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय भवन में लगी आग,दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा।||Lucknow: Fire broke out in the Food Processing Directorate building in Hazratganj; a major accident was averted due to the prompt action of the fire brigade.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
हजरतगंज में खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय भवन में लगी आग,दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र पॉश इलाके हजरतगंज स्थित खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय भवन में सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। भवन से काला धुआं और लपटें उठती देख आस-पास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही हजरतगंज पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
कंट्रोल रूम के माध्यम से आग लगने की सूचना प्राप्त होने के बाद हजरतगंज अग्निशमन केंद्र से दो दमकल वाहनों को आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचने पर भवन के अंदर घना धुआं भरा मिला और दृश्यता बेहद कम थी।
◆विस्तार :
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल एवं हजरतगंज अग्निशमन अधिकारी राम कुमार रावत के नेतृत्व में दमकलकर्मियों ने मोर्चा संभाला। टीम ने हौज लाइन बिछाकर पानी की बौछारों से आग बुझाने का काम शुरू किया। साथ ही भवन में वेंटिलेशन कर अंदर भरे धुएं को बाहर निकालने की कार्रवाई की गई।
आग बुझाने के साथ ही पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने पूरे भवन में सर्च ऑपरेशन चलाया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई कर्मचारी अथवा अन्य व्यक्ति अंदर फंसा न हो। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया।
गनीमत रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि या कोई घायल नहीं हुआ। दमकल विभाग की तत्परता और समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग के वास्तविक कारण और भवन में हुए नुकसान का आकलन करने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
हजरतगंज जैसे व्यस्त इलाके में सरकारी भवन में आग लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल राहत की बात यह है कि समय रहते दमकल टीम ने आग पर नियंत्रण पा लिया और कोई जनहानि नहीं हुई।