गुरुवार, 20 अगस्त 2026

लखनऊ : बिजनौर क्षेत्र में दबंगों ने युवक पर चाकू से किया हमला, एक आरोपी पकड़ा गया।||Lucknow: Bullies attacked a youth with a knife in the Bijnor area; one accused was arrested.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
बिजनौर क्षेत्र में दबंगों ने युवक पर चाकू से किया हमला, एक आरोपी पकड़ा गया।
दो टूक : राजधानी  लखनऊ के बिजनौर क्षेत्र के न्यू गरौड़ा मार्केट के पास तीन अज्ञात हमलावरों ने दो युवकों को रोककर गाली-गलौज करने लगे विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में एक युवक के कंधे और दूसरे के हाथ में चोट आई है। मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया और पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित आशीष चौधरी निवासी न्यू बेहसा थाना बिजनौर लखनऊ के मुताबिक, वह 18 अगस्त की शाम अपने दोस्त हासिम अली और श्वेत मिश्रा के साथ श्वेत के घर जा रहा था। न्यू गरौड़ा मार्केट के पास तीन युवकों ने उनकी गाड़ी रोक ली और उनके साथ मारपीट व गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि विरोध करने पर हमलावरों ने जान से मारने की बात कहते हुए आशीष की गर्दन पर चाकू से वार किया। आशीष ने बचाव किया तो चाकू उसके कंधे में लग गया। इसी दौरान श्वेत मिश्रा बीच-बचाव करने पहुंचा तो उसके हाथ में भी चोट लग गई।
शोर सुनकर बाजार में मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप करते हुए हमलावरों से चाकू छीन लिया। इस दौरान दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि एक आरोपी तुलसीराम पुत्र महेश निवासी न्यू बेहसा को लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के मुताबिक, हमले में इस्तेमाल चाकू भी थाने लाया गया है।
पीड़ित ने तहरीर में बताया कि इससे दो दिन पहले 16 अगस्त को भी शिहारी मंदिर, बेहसा के पास इन्हीं युवकों ने उसे और उसके दोस्त हासिम अली को जान से मारने की धमकी दी थी और हवा में चाकू लहराया था। इस संबंध में ट्रांसपोर्ट नगर चौकी में शिकायत दिए जाने की बात भी तहरीर में कही गई है।
पीड़ित ने तुलसीराम, आयुष पुत्र अज्ञात और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।