लखनऊ :
पारा में अधिवक्ता ने चैंबर में लगाया फंदा, माल में आम के बाग में कैटरिंग कर्मी ने की आत्महत्या।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में दो थाना क्षेत्रों में अधिवक्ता समेत दो लोगों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटनाएं सामने आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों मामलों में आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना दो घरों में कोहराम मच गया है।
विस्तार :
पारा में अधिवक्ता ने चैंबर में लगाई फांसी -- मिली जानकारी के अनुसार थाना पारा क्षेत्र के बुद्धेश्वर इलाके में करीब 50 वर्षीय अधिवक्ता राजेंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय सत्य प्रकाश सिंह, निवासी ज्ञानेंद्र विहार, आरडी मेमोरियल स्कूल के पास, पिंक सिटी फेज-2 ने अपने आवास से कुछ दूरी पर स्थित चैंबर में तार के सहारे फांसी लगा ली।
परिजनों को घटना की जानकारी होने पर उन्हें उपचार के लिए रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से थाना पारा पुलिस को सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार परिजनों से पूछताछ में आत्महत्या के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई। पुलिस ने शव का निरीक्षण कर पंचायतनामा समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई पूरी की। शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू भेजा गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
माल में आम के बाग में फांसी लगाकर दी जान।
दूसरी घटना थाना माल क्षेत्र की है। ग्राम पिपरी कुराखर निवासी रमेश कुमार पुत्र विश्राम (45) ने ग्राम चकई निवासी सुरेश के आम के बाग में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सूचना मिलने पर माल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मृतक के पुत्र शिवालाल की फौती सूचना के आधार पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हैंगिंग (फांसी लगना) अंकित किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतक कैटरिंग का कार्य करता था। मामले में हत्या या किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर अभी तक कोई तहरीर या शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस द्वारा नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
