शनिवार, 29 अगस्त 2026

CNG के दामों में ₹3.89 प्रति किलो की बढ़ोतरी, दिल्ली-NCR में आज से महंगी हुई CNG

शेयर करें:

CNG के दामों में ₹3.89 प्रति किलो की बढ़ोतरी, दिल्ली-NCR में आज से महंगी हुई CNG 

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//दिल्ली/NCR। दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के कई शहरों में CNG के दामों में एक बार फिर बड़ा इजाफा हुआ है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने CNG की कीमत में 3.89 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की है। नई दरें 29 अगस्त 2026 से लागू हो गई हैं। इस साल CNG की कीमतों में यह पांचवीं बढ़ोतरी बताई जा रही है। लगातार बढ़ रहे दामों से CNG वाहन चलाने वाले निजी वाहन मालिकों के साथ-साथ ऑटो, टैक्सी और अन्य व्यावसायिक वाहन संचालकों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की संभावना है।

नई कीमत लागू होने के बाद दिल्ली में CNG 83.09 रुपये से बढ़कर 86.98 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं नोएडा और गाजियाबाद में CNG की कीमत 95.59 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। इसके अलावा गुरुग्राम में 92.01 रुपये प्रति किलो और मेरठ में 95.47 रुपये प्रति किलो की दर से CNG मिलेगी।

इस साल पांचवीं बार बढ़े CNG के दाम

CNG की कीमतों में इस साल अब तक पांच बार बढ़ोतरी हो चुकी है। ऐसे में लगातार महंगी होती CNG का सीधा असर उन लोगों के मासिक बजट पर पड़ सकता है, जो रोजाना CNG से चलने वाले वाहनों का इस्तेमाल करते हैं। खासतौर पर ऑटो और टैक्सी चालकों के लिए ईंधन की बढ़ती लागत कमाई और परिचालन खर्च के बीच संतुलन को और चुनौतीपूर्ण बना सकती है।

LNG की बढ़ती कीमतों का असर, अंतरराष्ट्रीय बाजार का दबाव CNG तक पहुंचा

CNG की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में LNG (Liquefied Natural Gas) की बढ़ती कीमतों को प्रमुख वजह माना जा रहा है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच वैश्विक गैस बाजार में कीमतों पर दबाव बढ़ा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्राकृतिक गैस की लागत बढ़ने का असर अब घरेलू गैस बाजार पर भी दिखाई देने लगा है।

गैस की खरीद लागत में बढ़ोतरी के चलते CNG की कीमतों में इजाफा किया गया है। यही वजह है कि दिल्ली-NCR समेत कई शहरों में उपभोक्ताओं को अब पहले के मुकाबले अधिक कीमत चुकानी होगी। यदि अंतरराष्ट्रीय गैस बाजार में कीमतों पर दबाव आगे भी बना रहता है तो आने वाले समय में घरेलू स्तर पर CNG की कीमतों पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है।

ऑटो-टैक्सी के किराये पर भी पड़ सकता है असर

CNG के दाम बढ़ने का असर केवल वाहन मालिकों तक सीमित रहने की संभावना नहीं है। ईंधन लागत बढ़ने के कारण आने वाले दिनों में ऑटो और टैक्सी के किराये पर भी इसका असर पड़ सकता है। इसके अलावा माल ढुलाई और अन्य परिवहन सेवाओं की परिचालन लागत बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों पर भी अप्रत्यक्ष प्रभाव पड़ने की आशंका है।

CNG वाहन मालिकों पर बढ़ा आर्थिक दबाव

दिल्ली-NCR में पेट्रोल और डीजल की तुलना में CNG को लंबे समय से अपेक्षाकृत किफायती ईंधन माना जाता रहा है। इसी वजह से बड़ी संख्या में लोगों ने CNG वाहनों को प्राथमिकता दी है। लेकिन लगातार हो रही कीमतों में बढ़ोतरी से अब CNG वाहन मालिकों के ईंधन बजट पर अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा है।

एक तरफ रोजाना आने-जाने वाले लोगों के लिए यात्रा का खर्च बढ़ेगा, वहीं दूसरी ओर ऑटो, टैक्सी और व्यावसायिक वाहन चलाने वालों के लिए परिचालन लागत में इजाफा होगा। ऐसे में CNG के दामों में हुई ताजा बढ़ोतरी का असर दिल्ली-NCR में आम लोगों की जेब से लेकर परिवहन क्षेत्र तक देखने को मिल सकता है।।