मऊ :
अपरेशन लंगड़ा के तहत पुलिस मुठभेड़ मे चेन लुटेरा गिरफ्तार,पैर में लगी गोली।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के घोसी थाना पुलिस ने महिला से छिनैती के मामले में फरार आरोपी को शनिवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोसी भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा-कारतूस, पीली धातु की चेन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद करने का दावा किया है।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार थाना घोसी क्षेत्र में बीते 24 अगस्त 2026 को गोफा शिव मंदिर के पास महिला से छिनैती के मामले में सूरज कुमार पुत्र रामानंद, निवासी हरदौल, थाना दोहरीघाट के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 362/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
शनिवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घोसी पुलिस ने गोफा पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
तमंचा-कारतूस और चेन बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीली धातु की एक चेन, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
सात मुकदमों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सूरज कुमार के खिलाफ थाना चिरैयाकोट, दोहरीघाट और घोसी में चोरी, गिरोहबंद अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कुल सात मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2023 के चोरी और अन्य मामलों के अलावा घोसी थाने में धारा 307 समेत गंभीर धाराओं में दर्ज मुकदमा भी शामिल है।
पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के बाद उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
◆पुलिस अधिकारी की बाइट-
