सोमवार, 24 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: प्लॉट पर मजदूरों को धमकाने और फायरिंग के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, तमंचा बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: प्लॉट पर मजदूरों को धमकाने और फायरिंग के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, तमंचा बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//दनकौर। थाना दनकौर पुलिस ने प्लॉट पर मजदूरों को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने और तमंचे से फायरिंग करने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया .315 बोर का अवैध तमंचा और उसमें फंसा एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी दनकौर थाने में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को वादी अपने प्लॉट पर बाउंड्री का निर्माण करा रहा था। इसी दौरान ग्राम झालड़ा निवासी विवेक पुत्र प्रवीन और प्रवीन पुत्र दानसहाय वहां पहुंचे और प्लॉट पर काम कर रहे मजदूरों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगे। आरोप है कि इसी दौरान विवेक ने तमंचे से फायर भी किया।

घटना के संबंध में वादी की तहरीर के आधार पर थाना दनकौर में मु0अ0सं0 202/2026, धारा 351(3), 352 और 125 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।

इसी क्रम में 24 अगस्त 2026 को थाना दनकौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकदमे में वांछित अभियुक्त विवेक पुत्र प्रवीन, निवासी ग्राम झालड़ा, थाना दनकौर, गौतमबुद्धनगर को खेरली नहर पतला खेड़ा के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर दलेलगढ़ के पास स्थित आम के बाग से घटना में प्रयुक्त .315 बोर का अवैध तमंचा और उसमें फंसा एक खोखा कारतूस बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पहले से भी दर्ज है मुकदमा

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार विवेक का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना दनकौर में मु0अ0सं0 273/2024, धारा 109/115(2)/125/190/191(2)/191(3)/351(2)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।