सोमवार, 24 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, 100 किलो दूषित रसगुल्ले नष्ट!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, 100 किलो दूषित रसगुल्ले नष्ट!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

पनीर, खोया और घेवर समेत 7 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे, जेवर टोल प्लाजा से लेकर नोएडा तक चला अभियान

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 24 अगस्त 2026। आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी और जांच की। इस दौरान पनीर, खोया, घेवर और रसगुल्ले समेत कुल 7 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि सरफाबाद स्थित एक रसगुल्ला निर्माणशाला में दूषित अवस्था में मिले करीब 100 किलोग्राम रसगुल्लों को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण एवं मानकों के अनुरूप खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। विशेष रूप से दूध और दूध से बने उत्पादों की गुणवत्ता पर विभाग की टीमें निगरानी रख रही हैं।

जेवर टोल प्लाजा पर पनीर की जांच

अभियान के तहत 23 अगस्त की रात खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह एवं रविन्द्र नाथ वर्मा की टीम ने जेवर टोल प्लाजा पर वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान पिसावा-जलालपुर, अलीगढ़ स्थित चौधरी डेयरी से दिल्ली सप्लाई के लिए इको गाड़ी संख्या UP-16 MT-2839 से ले जाए जा रहे पनीर का एक नमूना लिया गया।

इसी तरह बाजना, मथुरा स्थित भीमसेन डेयरी से वाहन संख्या UP-85 FT-1028 के जरिए दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई के लिए ले जाए जा रहे पनीर के दो नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।

स्वीट्स की दुकानों और निर्माण इकाइयों पर भी कार्रवाई

24 अगस्त को अमर बहादुर सरोज की टीम ने सेक्टर-134 स्थित बीएस बीकानेर स्वीट्स से घेवर का एक नमूना लिया। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार एवं विजय बहादुर पटेल की टीम ने इकोटेक-2 के प्लॉट नंबर-66 स्थित शगुन स्वीट्स की निर्माणशाला का निरीक्षण करते हुए खोया और घेवर के एक-एक नमूने जांच के लिए लिए।

सरफाबाद में 100 किलो रसगुल्ले नष्ट

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता एवं रितु सक्सेना की टीम ने सेक्टर-72, नोएडा के सरफाबाद स्थित प्रदीप कुमार की रसगुल्ला निर्माणशाला का निरीक्षण किया। यहां तैयार रसगुल्लों की गुणवत्ता और स्वच्छता की स्थिति बेहद खराब पाए जाने पर कार्रवाई की गई। टीम ने रसगुल्ले का एक नमूना जांच के लिए लिया, जबकि निर्माणशाला में रखे करीब 100 किलोग्राम रसगुल्लों को प्रदूषित अवस्था में पाए जाने तथा उन पर मक्खी-मच्छर होने के कारण नष्ट करा दिया।

इस तरह अभियान के दौरान कुल 7 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक प्रयोगशाला से प्राप्त होने वाली जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रक्षाबंधन तक जारी रहेगा जांच अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने को देखते हुए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की टीमें मिठाई की दुकानों, निर्माण इकाइयों, डेयरियों, दूध एवं दुग्ध उत्पादों की सप्लाई करने वाले वाहनों तथा अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच करेंगी।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनपदवासियों को सुरक्षित, स्वच्छ और निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।।