गौतमबुद्धनगर पुलिस ने रचा इतिहास, 6-0 की शानदार जीत के साथ बनी मेरठ जोन की हॉकी चैंपियन!!
27वीं अंतरजनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता-2026 का भव्य समापन, पुरुष वर्ग में गौतमबुद्धनगर और महिला वर्ग में गाजियाबाद ने जीती चल वैजयंती ट्रॉफी
दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 24 अगस्त 2026। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के तत्वावधान में शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में आयोजित 27वीं अंतरजनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता (पुरुष/महिला)-2026, मेरठ जोन का सोमवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में मेजबान गौतमबुद्धनगर पुलिस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुजफ्फरनगर को 6-0 से करारी शिकस्त देकर मेरठ जोन की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। वहीं महिला वर्ग में गाजियाबाद की टीम ने मेरठ को 1-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पदक एवं पुरस्कार प्रदान किए। इसके साथ ही प्रतियोगिता के विधिवत समापन की घोषणा की गई।
फाइनल में गौतमबुद्धनगर का दबदबा
पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर और मुजफ्फरनगर की टीमों के बीच खेला गया। शुरुआत से ही गौतमबुद्धनगर के खिलाड़ियों ने आक्रामक और शानदार खेल का प्रदर्शन किया। टीम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, तेज आक्रमण और मजबूत रक्षापंक्ति के दम पर मुजफ्फरनगर की टीम को कोई मौका नहीं दिया।
गौतमबुद्धनगर पुलिस टीम ने पूरे मुकाबले में अपना दबदबा कायम रखते हुए 6-0 के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। इस शानदार विजय के साथ गौतमबुद्धनगर ने चल वैजयंती ट्रॉफी पर कब्जा जमाया और मेरठ जोन की पुरुष हॉकी प्रतियोगिता की विजेता बन गई।
महिला वर्ग में गाजियाबाद ने मारी बाजी
महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला मेरठ और गाजियाबाद की टीमों के बीच बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और अनुशासन का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले में गाजियाबाद की महिला हॉकी टीम ने निर्णायक बढ़त हासिल करते हुए मेरठ को 1-0 से पराजित कर दिया।
गाजियाबाद की टीम ने जीत के साथ महिला वर्ग की चल वैजयंती ट्रॉफी अपने नाम की और मेरठ जोन की महिला हॉकी प्रतियोगिता की विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
आठ जनपदों के 175 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में मेरठ जोन के आठ जनपदों से कुल 175 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इनमें 122 पुरुष और 53 महिला खिलाड़ी शामिल रहे। कई दिनों तक चले इस आयोजन में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।
समापन अवसर पर पुलिस उपायुक्त लाइन्स डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, निर्णायकों, स्टेडियम प्रबंधन और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की।
इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम, प्रतिसार निरीक्षक प्रथम सुरेश रॉय, प्रतिसार निरीक्षक द्वितीय कृष्णवीर सिंह, जिला हॉकी संघ गौतमबुद्धनगर के सेक्रेटरी मंजीत सिंह, शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम के स्टेडियम मैनेजर हरे कृष्णा, निर्णायक मंडल के सदस्य दलीप कुमार, नीरज कुमार, जुगेन्द्र सिंह और धनंजय सहित पूर्व ओलंपिक खिलाड़ी रोमियो जेम्स तथा पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस शानदार जीत ने न केवल मेजबान टीम का गौरव बढ़ाया, बल्कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन को भी यादगार बना दिया।।
