गौतमबुद्धनगर: बिसरख में गूंजा तिरंगे का संदेश, ग्राम सचिवों ने घर-घर पहुंचाया राष्ट्रध्वज!!
ग्राम प्रधानों, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को वितरित किए गए तिरंगे, 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 13 अगस्त 2026।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को विकासखंड बिसरख की विभिन्न ग्राम पंचायतों में तिरंगा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम सचिवों ने ग्राम प्रधानों, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित कर उन्हें अभियान से जुड़ने और अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में गौतमबुद्धनगर जनपद में 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड बिसरख की ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
ग्राम सचिवों ने ग्रामीणों को अभियान के उद्देश्य और महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि तिरंगा केवल देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वतंत्रता का प्रतीक है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए 9 से 17 अगस्त के बीच अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराएं।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। तिरंगा हाथों में लेकर बच्चों और ग्रामीणों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखने के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया।
विकासखंड बिसरख में अभियान को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर लगातार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ना और राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।
अधिकारियों और ग्राम पंचायत स्तर के कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों को प्रेरित किया जा रहा है कि वे स्वयं अभियान का हिस्सा बनें और अपने आसपास के लोगों को भी तिरंगा फहराने के लिए जागरूक करें। इससे गांव-गांव और घर-घर तक देशभक्ति का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।।
