गौतमबुद्धनगर: नोएडा के शहीद स्मारक पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि, बलिदान और साहस को किया नमन!!
विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस पर आयोजित हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम, पूर्व सैन्य अधिकारियों ने साझा किए शहीदों के योगदान और देशभक्ति के प्रेरक प्रसंग
दो टूक//नोएडा, 14 अगस्त 2026। विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सेक्टर-29 स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश की आजादी, सुरक्षा और अखंडता के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके त्याग, साहस और राष्ट्रसेवा को याद किया गया। इस दौरान शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर सपूतों के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी सहित पूर्व सैन्य अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि देश की रक्षा और उसकी एकता-अखंडता के लिए वीर जवानों ने जिस अदम्य साहस और समर्पण का परिचय दिया, वह देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
पूर्व सैन्य अधिकारियों ने साझा किए शहीदों के प्रेरक प्रसंग
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैन्य अधिकारियों ने शहीदों के जीवन, उनके सैन्य योगदान तथा राष्ट्र की रक्षा के लिए किए गए सर्वोच्च बलिदान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता, सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके त्याग और शौर्य की गाथाएं आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा के लिए प्रेरित करती रहेंगी।
स्काउट-गाइड और एनसीसी कैडेटों ने भी लिया हिस्सा
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश भारत स्काउट एवं गाइड तथा एनसीसी के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों और स्काउट-गाइड के प्रतिभागियों ने शहीद स्मारक पर पहुंचकर अमर शहीदों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट की। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना से ओतप्रोत माहौल देखने को मिला।
राष्ट्रहित में कार्य करने का लिया संकल्प
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पूर्व सैन्य अधिकारियों तथा विद्यार्थियों ने अमर शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने और राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का बलिदान केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने की प्रेरणा है।
कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का संदेश देते हुए अमर शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।।
