शनिवार, 15 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: स्वतंत्रता दिवस पर किसानों ने निकाली भव्य ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा, गूंजे ‘जय जवान–जय किसान’ के नारे !!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: स्वतंत्रता दिवस पर किसानों ने निकाली भव्य ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा, गूंजे ‘जय जवान–जय किसान’ के नारे !!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

देशभक्ति के रंग में रंगा दादरी क्षेत्र, तिरंगों से सजे ट्रैक्टरों के साथ किसानों ने दिखाया राष्ट्रप्रेम और एकजुटता का संदेश

दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के तत्वावधान में दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी के नेतृत्व में तिलपता चौक से देवला साइड-सी तक भव्य ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में किसानों, पदाधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों ने ट्रैक्टर, बाइक, हाइड्रा और जेसीबी मशीनों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लेकर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

यात्रा में भाकियू गौतमबुद्धनगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी मुख्य रूप से मौजूद रहे। उनके पहुंचने पर किसान कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने पुष्पमालाओं और पुष्पवर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया। अशोक भाटी की मौजूदगी ने यात्रा में किसानों के उत्साह को और बढ़ा दिया। उन्होंने किसानों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रहित, किसान हित और सामाजिक एकजुटता को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

तिरंगा यात्रा के दौरान डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों के बीच ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय जवान–जय किसान’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा तथा भारतीय किसान यूनियन के झंडे लगाए गए थे। तिरंगों से सजी ट्रैक्टरों की कतार ने पूरे मार्ग को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

किसानों ने यात्रा के दौरान अनुशासन और आपसी भाईचारे का परिचय देते हुए मानव श्रृंखला के रूप में यात्रा को आगे बढ़ाया। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान इस यात्रा में शामिल हुए और स्वतंत्रता दिवस को उत्साह एवं राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा देश के अन्नदाता किसानों और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है और हमें उनके संघर्ष एवं बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए। किसान खेतों में मेहनत कर देश का पेट भरता है, जबकि जवान सीमा पर डटकर देश की रक्षा करता है। इसलिए ‘जय जवान–जय किसान’ महज एक नारा नहीं, बल्कि भारत की ताकत, स्वाभिमान और सम्मान का प्रतीक है।

अशोक भाटी ने कहा कि किसानों का राष्ट्र के प्रति समर्पण हमेशा मजबूत रहा है। स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर तिरंगा यात्रा निकालना किसानों की देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारी को प्रदर्शित करता है। उन्होंने सभी किसानों से एकजुट होकर देश, समाज और किसान हित में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

यात्रा के समापन पर सभी किसान साथियों एवं उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष अनिल खारी, जिला सचिव अनूप नागर, धीरेंद्र भाटी टीनू, गजेंद्र रेक्सवाल, सिंहराज गुर्जर, कालूराम भाटी, डॉ. धर्मेंद्र भाटी, साहब सिंह हून, प्रधान उमेश नागर, राजवीर विकल, विकास गुर्जर, रविन्द्र बोहरा, सुभाष विधुड़ी, नितेश नागर एवं अजीत जैनर सहित बड़ी संख्या में किसान, संगठन के पदाधिकारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम, किसान एकता और जवानों के सम्मान का मजबूत संदेश दिया।