गोण्डा- विधानसभा क्षेत्र मेहनौन के अंतर्गत विकासखण्ड इटियाथोक में बहुप्रतीक्षित ब्लॉक संसाधन केन्द्र (BRC) के भवन निर्माण कार्य का क्षेत्रीय विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने आज विधिवत पूजन अर्चन कर शिलान्यास किया। अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति की सबसे मजबूत नींव है। इसी भावना के साथ प्रदेश की योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण के साथ साथ शिक्षकों को बेहतर संसाधन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी सरकार का विशेष जोर है। ब्लॉक संसाधन केन्द्र का यह भवन शिक्षकों के प्रशिक्षण, शैक्षिक गतिविधियों के बेहतर संचालन, मार्गदर्शन एवं शिक्षा व्यवस्था के प्रभावी समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। निश्चित रूप से इसका लाभ क्षेत्र के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ-साथ हमारे नौनिहालों की शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में मिलेगा।
विधायक ने कहा कि हमारी सरकार का संकल्प है कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, हर शिक्षक को बेहतर संसाधन और प्रत्येक विद्यालय को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। इसी दिशा में क्षेत्र में विकास कार्यों का निरंतर विस्तार हो रहा है। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार सिंह, खण्ड शिक्षा अधिकारी श्रीमती गीतांजलि, पूर्व जिला उपाध्यक्ष संदीप पाण्डे, सोशल मीडिया संयोजक शशांक मिश्रा, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष इटियाथोक सत्यव्रत ओझा, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष बहलोलपुर रवी प्रकाश, डॉ. सुरेन्द्र तिवारी, अजय राठौर आदि सहित अनेक शिक्षक शिक्षिकाये उपस्थित रहे।
