मंगलवार, 18 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: दुजाना बनेगा मॉडल सोलर विलेज, सौर ऊर्जा से बदलेगी गांव की तस्वीर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दुजाना बनेगा मॉडल सोलर विलेज, सौर ऊर्जा से बदलेगी गांव की तस्वीर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

पीएम सूर्य घर योजना के तहत गांव में रूफटॉप सोलर से लेकर सोलर स्ट्रीट लाइट और सौर ऊर्जा आधारित आजीविका परियोजनाओं की तैयारी

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 18 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत गौतमबुद्धनगर के विकासखंड बिसरख स्थित ग्राम दुजाना को मॉडल सोलर विलेज के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। गांव को सौर ऊर्जा आधारित आत्मनिर्भर मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित परियोजनाओं, कार्ययोजना और गांव में सौर ऊर्जा के अधिकतम उपयोग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में ग्राम दुजाना को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में एक मॉडल गांव के रूप में विकसित करने के लिए तैयार की गई विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) का पावर प्रजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुतीकरण किया गया। डीपीआर में गांव के घरेलू एवं सार्वजनिक भवनों को सौर ऊर्जा से जोड़ने, सार्वजनिक स्थानों पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने तथा कृषि एवं ग्रामीण आजीविका से जुड़ी गतिविधियों में सौर ऊर्जा के इस्तेमाल की कार्ययोजना शामिल की गई है।

घरों से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक सौर ऊर्जा का विस्तार

परियोजना के तहत गांव के घरेलू और सार्वजनिक भवनों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित किए जाने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही गांव की सड़कों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को सोलर स्ट्रीट लाइट से रोशन करने की योजना है। इससे न केवल बिजली की खपत कम होगी, बल्कि गांव में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता भी कम होगी।

सौर ऊर्जा से जुड़ेगा ग्रामीण रोजगार

मॉडल सोलर विलेज की योजना को केवल बिजली बचत तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे ग्रामीण आजीविका और स्थानीय रोजगार से जोड़ने की भी तैयारी है। परियोजना अधिकारी यूपीनेडा गौतमबुद्धनगर लवेश कुमार सिसोदिया ने बताया कि गांव में सौर ऊर्जा आधारित सोलर मिल्क चिलर, सोलर आटा चक्की और सोलर कोल्ड प्रेस यूनिट जैसी सुविधाएं स्थापित किए जाने का प्रस्ताव है।

इसके अलावा आवश्यकता के अनुसार कृषि और ग्रामीण आजीविका से जुड़ी अन्य सौर ऊर्जा आधारित मशीनों एवं उपकरणों को भी परियोजना में शामिल किया जाएगा। इससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के नए अवसर उपलब्ध होने की उम्मीद है।

समयबद्ध तरीके से पूरा होगा प्रोजेक्ट

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के क्रियान्वयन में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रस्तावित सौर ऊर्जा परियोजनाओं का वास्तविक लाभ गांव के लोगों तक पहुंचे और दुजाना को स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के क्षेत्र में एक प्रभावी मॉडल के रूप में विकसित किया जाए।

प्रशासन का मानना है कि इस परियोजना के माध्यम से गांव में बिजली की बचत, ऊर्जा आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। सफल क्रियान्वयन के बाद ग्राम दुजाना को जिले और प्रदेश के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अनुकरणीय मॉडल के रूप में विकसित किया जा सकेगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा जिला स्तरीय समिति के सदस्य मौजूद रहे।