अम्बेडकर नगर :
घायल कांवरिया के लिए फरिश्ता बने मुख्य आरक्षी, कराया इलाज।
।।ए के चतुर्वेदी।।
दो टूक : अंबेडकर नगर जनपद के सश्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान जहां पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा में मुस्तैद है, वहीं अहिरौली थाने के मुख्य आरक्षी पवन चतुर्वेदी ने मानवीय संवेदना की ऐसी मिसाल पेश की, जिसने पुलिस की वर्दी के पीछे छिपे इंसानियत के चेहरे को सामने ला दिया।
कांवड़ यात्रा के दौरान एक कांवरिया मोटरसाइकिल की टक्कर से घायल हो गया। हादसे में उसके हाथ में चोट आई। घायल अवस्था में उसे देखकर मौके पर मौजूद मुख्य आरक्षी पवन चतुर्वेदी ने तत्काल उसकी मदद के लिए कदम बढ़ाया और उपचार की व्यवस्था कराई।
बताया गया कि मुख्य आरक्षी ने घायल कांवरिया के इलाज का खर्च अपने निजी स्तर से वहन किया। उनके इस सहयोग से घायल श्रद्धालु को न केवल तत्काल उपचार मिला, बल्कि मुश्किल घड़ी में उसे यह भरोसा भी मिला कि पुलिस सिर्फ कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाली संस्था नहीं, बल्कि जरूरत के समय आमजन के साथ खड़ी होने वाली संवेदनशील व्यवस्था भी है।
श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। मुख्य आरक्षी पवन चतुर्वेदी ने अपनी ड्यूटी से आगे बढ़कर जिस संवेदनशीलता का परिचय दिया, उसकी स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है।
उनके इस कार्य ने पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत करने के साथ ही आम लोगों के बीच “खाकी में इंसानियत” का संदेश भी दिया है। यह घटना बताती है कि वर्दी का असली सम्मान केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में नहीं, बल्कि जरूरतमंद की मदद के लिए समय पर हाथ बढ़ाने में भी है।
मुख्य आरक्षी पवन चतुर्वेदी का यह मानवीय प्रयास पुलिस और जनता के बीच विश्वास की उस डोर को मजबूत करता है, जिसकी जरूरत समाज में हमेशा बनी रहती है।
