सोमवार, 17 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: ढाई साल से सीवर की समस्या झेल रहा सेक्टर-82 का ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने स्थायी समाधान की मांग उठाई!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ढाई साल से सीवर की समस्या झेल रहा सेक्टर-82 का ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने स्थायी समाधान की मांग उठाई!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। सेक्टर-82 स्थित ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7 में आरडब्ल्यूए की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने की। बैठक में पॉकेट की विभिन्न मूलभूत समस्याओं के साथ-साथ विकास की नई रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पॉकेटवासियों ने सीवर ओवरफ्लो, जाम नालियों और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की समस्याएं प्रमुखता से उठाईं।

बैठक में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने कहा कि पॉकेट के अधिकांश सीवर पिछले करीब ढाई वर्षों से ओवरफ्लो हो रहे हैं। कई स्थानों पर सीवर का गंदा पानी गलियों और पार्कों में बह रहा है। इससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और गंदगी व दुर्गंध के कारण गंभीर बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से समस्या की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की जा रही है, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राधिकरण के अधिकारी पॉकेटवासियों की मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

राघवेंद्र दुबे ने कहा कि सीवर के साथ-साथ पूरे पॉकेट की नालियां भी जाम पड़ी हैं। नालियों का पानी मुख्य नाले तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिसके चलते जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन रही है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि कई स्थानों पर नालियों का पानी फ्लैटों की नींव के आसपास जा रहा है, जिससे भवनों की मजबूती को लेकर भी खतरा बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए केवल खानापूर्ति के बजाय व्यापक स्तर पर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की आवश्यकता है। बंद नालियों की सफाई कराने के साथ जरूरत के अनुसार नए सिरे से नालियों का निर्माण कराया जाना चाहिए और उनकी उचित कनेक्टिविटी मुख्य नाले से की जानी चाहिए, ताकि पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके।

बैठक में स्ट्रीट लाइटों की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। पॉकेट में तमाम स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण रात के समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरडब्ल्यूए ने संबंधित विभाग से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की।

राघवेंद्र दुबे ने कहा कि आरडब्ल्यूए पॉकेटवासियों की समस्याओं को लेकर लगातार सक्रिय है। उनका प्रयास है कि स्थानीय निवासियों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष मजबूती से रखा जाए और उनके स्थायी समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि पॉकेट का विकास केवल समस्याओं को गिनाने से नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों की सहभागिता और संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय से संभव है।

बैठक में पॉकेट के विकास को लेकर नई रणनीति तैयार करने और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। साफ-सफाई, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आगे की कार्ययोजना पर विचार किया गया।

बैठक में सुशील पाल, उत्तम चंद्रा, पप्पू सिंह, राजवीर सिंह, देवमणि शुक्ला, घनश्याम जोशी, मिथिलेश राय, हनुमान कुमार, दयानंद शास्त्री, अनूप शर्मा, विष्णु शर्मा, विकास शर्मा, प्रकाश जोशी, जितेंद्र सिंह, बीडी गुप्ता, रमेश गुप्ता, जयराम शुक्ला, बीसी पांडेय, अभय पांडे, मनोज सिंह, पालीवाल, नवीन पंत, रामलखन लखेड़ा सहित बड़ी संख्या में पॉकेटवासी मौजूद रहे।

आरडब्ल्यूए ने प्राधिकरण से मांग की कि सीवर ओवरफ्लो, जाम नालियों और बंद स्ट्रीट लाइटों की समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेते हुए स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि पॉकेटवासियों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिल सके।।