गौतमबुद्धनगर: संपूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 121 शिकायतें दर्ज; 14 का मौके पर निस्तारण!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 17 अगस्त 2026। जनपद गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलेभर में आयोजित समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों के समक्ष जनसामान्य ने राजस्व, विकास, पुलिस, विद्युत, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 121 शिकायतें प्रस्तुत कीं। इनमें से 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
तहसील सदर में सीडीओ की अध्यक्षता में हुआ आयोजन
तहसील सदर में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां कुल 6 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 1 शिकायत का मौके पर ही निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, प्रभागीय वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल, एसीएमओ डॉ. आर.के. सिरोहा, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
दादरी तहसील में 55 शिकायतें, 11 का तत्काल निस्तारण
तहसील दादरी में उप जिलाधिकारी अभिनेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां फरियादियों द्वारा 55 शिकायतें दर्ज कराई गईं। अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयसीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जेवर तहसील में 60 शिकायतें प्राप्त
तहसील जेवर में उप जिलाधिकारी दुर्गेश सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों के समक्ष 60 शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 2 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। अन्य शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा शिकायतकर्ता को भी कार्रवाई से अवगत कराया जाए।।
