लखनऊ :
तेलीबाग में अज्ञात वाहन की टक्कर से 64 वर्षीय गनमैन की मौत,CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस।।
दो टूक :लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र के तेलीबाग चौराहे के पास शनिवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार 64 वर्षीय गनमैन की दर्दनाक मौत हो गई। ड्यूटी पर जा रहे बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए गनमैन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
विस्तार :
पीजीआई इस्पेक्टर के अनुसार रविंद्र सिंह पुत्र लाल बहादुर सिंह (64) निवासी लौंगा खेड़ा खरिका, तेलीबाग पीजीआई मे परिवार के साथ रहते है। वह तेलीबाग स्थित जुगल किशोर ज्वेलर्स में गनमैन के रूप में काम करते थे।
बीते शनिवार शाम करीब आठ बजे वह बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे जैसे ही वह तेलीबाग चौराहे के पास पहुंचे, तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि रविंद्र सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पीजीआई पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल गनमैन को अपेक्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
◆अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
मृतक के दामाद रविंद्र प्रताप सिंह की तहरीर पर पीजीआई थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मु0अ0सं0 449/2026 के तहत धारा 281/106(1) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
◆CCTV फुटेज से तलाश में जुटी पुलिस।
हादसे के बाद फरार वाहन चालक की पहचान के लिए पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान कर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मामले की विवेचना जारी है।
पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए गनमैन।
रविंद्र सिंह की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। वह अपने पीछे पत्नी कमलेश कुमारी और दो बेटियां संगीता सिंह व नीतू सिंह को छोड़ गए हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। परिवार के मुताबिक, रोज की तरह रविंद्र सिंह ड्यूटी के लिए घर से निकले थे, लेकिन कुछ ही देर बाद हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
