लखनऊ :
तालाब की जमीन पर भू-माफियाओं का कब्जा,35 दुकानों की मार्केट खड़ी करने का आरोप।।
●बीजेपी मंडल महामंत्री डी.डी. त्रिपाठी की शिकायत पर एसडीएम का सख्त रुख, राजस्व टीम को जांच के निर्देश।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के तहसील मोहनलालगंज क्षेत्र नगर पंचायत अमेठी के मुंशीगंज वार्ड में सार्वजनिक तालाब की जमीन पर कथित अवैध कब्जे और करीब 35 दुकानों की मार्केट बनाए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर भाजपा मंडल महामंत्री डी.डी. त्रिपाठी ने एसडीएम अमेठी को लिखित शिकायत देकर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार :
बीजेपी मंडल महामंत्री डी.डी. त्रिपाठी की शिकायत के मुताबिक अमेठी नगर पंचायत क्षेत्र मुंशीगंज वार्ड स्थित गाटा संख्या 1331 और 1337 राजस्व अभिलेखों में तालाब के नाम दर्ज हैं। आरोप है कि कुछ लोगों ने तालाब में मिट्टी डलवाकर उसके बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया और बाद में वहां करीब 35 दुकानों की अवैध मार्केट खड़ी कर व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर दीं।
तालाब पर कब्जे से जल निकासी प्रभावित
स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त तालाब में नगर क्षेत्र का पानी जाता था। तालाब के कथित अतिक्रमण के बाद जल निकासी की समस्या बढ़ गई है और बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति पैदा होने लगी है। भाजपा नेता डी.डी. त्रिपाठी ने प्रशासन से तालाब की भूमि की पैमाइश कराकर अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
राजस्व टीम करेगी पैमाइश, कार्रवाई के निर्देश
शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसडीएम अमेठी ने राजस्व टीम को मौके पर जाकर पैमाइश एवं जांच करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने कहा है कि जांच में यदि सरकारी तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाता है तो उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के सख्त रुख के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच में तालाब की जमीन पर हुए कथित अतिक्रमण की वास्तविक स्थिति क्या सामने आती है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रशासन कितनी प्रभावी कार्रवाई करता है।
