रविवार, 23 अगस्त 2026

मेरठ जोन की 27वीं अंतरजनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता का भव्य आगाज, गौतमबुद्धनगर ने बुलंदशहर को 10-0 से रौंदा!!

शेयर करें:

मेरठ जोन की 27वीं अंतरजनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता का भव्य आगाज, गौतमबुद्धनगर ने बुलंदशहर को 10-0 से रौंदा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम, बीटा-2 में शनिवार को मेरठ जोन की 27वीं अंतरजनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता (पुरुष/महिला)-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय श्री अजय कुमार ने किया। प्रतियोगिता में मेरठ जोन के विभिन्न जनपदों की पुलिस टीमें पुरुष एवं महिला वर्ग में दमखम दिखा रही हैं।

उद्घाटन अवसर पर आयोजन सचिव एवं पुलिस उपायुक्त लाइन्स डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा श्री संतोष कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त प्रथम ग्रेटर नोएडा श्री कृष्णपाल सिंह, प्रतिसार निरीक्षक प्रथम श्री सुरेश रॉय, प्रतिसार निरीक्षक द्वितीय श्री कृष्णवीर सिंह, हॉकी संघ गौतमबुद्धनगर के सचिव श्री मंजीत सिंह, हॉकी मीडिया प्रभारी श्री हरेन्द्र भाटी, स्टेडियम मैनेजर श्री हरे कृष्णा सहित निर्णायक, रेफरी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता का संचालन निरीक्षक (ना.पु.) श्री सुनील भारद्वाज द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह के बाद खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में रोमांच भर दिया।

पहले दिन गौतमबुद्धनगर का शानदार प्रदर्शन

प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में पुरुष वर्ग में गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर की टीमें आमने-सामने हुईं। गौतमबुद्धनगर की टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए बुलंदशहर को 10-0 के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी।

महिला वर्ग के दूसरे मुकाबले में गाजियाबाद ने हापुड़ को 6-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। तीसरे मैच में मेरठ की महिला टीम ने गौतमबुद्धनगर को 2-0 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।

पुरुष वर्ग के चौथे मुकाबले में मेरठ ने गाजियाबाद को 1-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि पांचवें मैच में बागपत ने सहारनपुर को 6-1 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की।

प्रतियोगिता के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

रविवार को होंगे अहम मुकाबले

प्रतियोगिता के अगले चरण में रविवार, 23 अगस्त 2026 को पुरुष वर्ग में हापुड़ और मुजफ्फरनगर के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद प्रथम सेमीफाइनल में गौतमबुद्धनगर का मुकाबला बागपत से होगा।

द्वितीय सेमीफाइनल में मेरठ की टीम का सामना हापुड़ और मुजफ्फरनगर के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल की विजेता टीम से होगा। ऐसे में रविवार को होने वाले मुकाबले प्रतियोगिता के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

मेरठ जोन की इस प्रतिष्ठित पुलिस हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन से पुलिसकर्मियों में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा मिल रहा है।।