गौतमबुद्धनगर: ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर तेज रफ्तार बस पलटी, 14 कर्मचारी घायल; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किया रेस्क्यू!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर शनिवार को उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब निजी कंपनी के कर्मचारियों से भरी एक बस सामने जा रहे वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर बीच हाईवे पर पलट गई। हादसे में बस सवार 14 कर्मचारी घायल हो गए। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक, थाना दादरी क्षेत्र में कासना की ओर से दादरी जा रही निजी कंपनी की बस में करीब 28 से 30 कर्मचारी सवार थे। ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर बस के सामने एक वाहन चल रहा था। अचानक उसे बचाने के प्रयास में चालक ने बस का स्टीयरिंग अधिक मोड़ दिया, जिसके चलते बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
बस के पलटते ही हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बस में सवार 14 कर्मचारी घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना दादरी पुलिस तत्काल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए JIMS अस्पताल भेजा।
पुलिस की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी
हादसे के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया और कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने तत्काल यातायात व्यवस्था को संभालते हुए वाहनों का आवागमन सुचारू कराया। वहीं, हाईवे के बीच पलटी बस को हटाने के लिए हाइड्रा मशीन की सहायता से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा।
पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल सभी लोगों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। किसी भी व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई है। मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य है और यातायात को भी सुचारू रूप से संचालित कराया जा रहा है।
सामने वाहन को बचाने में बिगड़ा बस का संतुलन
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब बस चालक ने सामने चल रहे वाहन को बचाने के लिए अचानक स्टीयरिंग मोड़ा। तेज गति में बस का संतुलन बिगड़ गया और वह हाईवे पर पलट गई। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की आवश्यक जांच की जा रही है।
समय पर पहुंची दादरी पुलिस और राहत टीम की तत्परता से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे एक बड़े हादसे के बावजूद किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
