गौतमबुद्धनगर: गोल्फ होम्स सोसाइटी में निर्माण कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा, 14वीं मंजिल से गिरकर दो मजदूरों की मौत!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट। बिसरख थाना क्षेत्र स्थित गोल्फ होम्स सोसाइटी में निर्माण कार्य के दौरान शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माण कार्य करते समय 14वीं मंजिल से गिरकर दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 19 वर्षीय सरकार पुत्र अब्दुल खालिक सरकार और 45 वर्षीय जमाल शेख पुत्र अब्दुल हौसले, दोनों निवासी कलामती, थाना साहिबगंज, जिला कूच बिहार, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को थाना बिसरख क्षेत्र के गोल्फ होम्स सोसाइटी में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान दोनों मजदूर 14वीं मंजिल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है। पुलिस द्वारा मामले में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हादसे ने निर्माण स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऊंचाई पर काम करने वाले श्रमिकों के लिए सुरक्षा उपकरण, सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट और अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन कितना किया जा रहा था, यह भी जांच का विषय है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
