मंगलवार, 25 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: सूरजपुर में ड्रग्स तस्करी का बड़ा खुलासा, दो विदेशी नागरिक गिरफ्तार; 20 लाख की ड्रग्स बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सूरजपुर में ड्रग्स तस्करी का बड़ा खुलासा, दो विदेशी नागरिक गिरफ्तार; 20 लाख की ड्रग्स बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर। थाना सूरजपुर पुलिस और अभिसूचना इकाई की संयुक्त टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना के आधार पर ड्रग्स तस्करी के मामले में दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 1.07 किलोग्राम सफेद पाउडरनुमा ड्रग्स, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है, के अलावा चार मोबाइल फोन, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक काला बैग और पैकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली चार पॉलीथिन बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को थाना सूरजपुर पुलिस और अभिसूचना इकाई को गोपनीय सूचना मिली थी कि ग्राम भूड़ा में स्टेडियम के सामने स्थित एक मकान में विदेशी नागरिकों द्वारा मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियां की जा रही हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मकान पर दबिश दी और मौके से दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साबी जोएल पुत्र साबी नेल्सन, निवासी याउंडे, कैमरून, उम्र करीब 32 वर्ष तथा अमादा लतीफा पुत्री अमादा, निवासी डेल्टा स्टेट, अगबोर, नाइजीरिया, उम्र करीब 33 वर्ष के रूप में हुई है।

1.07 किलो ड्रग्स के साथ इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1 किलो 70 ग्राम सफेद पाउडरनुमा ड्रग्स बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है। इसके अलावा चार मोबाइल फोन, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक काला बैग तथा ड्रग्स की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली चार पॉलीथिन भी बरामद की गई हैं।

बरामद इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पैकिंग सामग्री को पुलिस की कार्रवाई में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस आरोपियों से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

पासपोर्ट नहीं दिखा सके आरोपी

पूछताछ के दौरान पुलिस द्वारा दोनों विदेशी नागरिकों से पासपोर्ट के संबंध में जानकारी मांगी गई, लेकिन वे मौके पर अपना पासपोर्ट प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस के मुताबिक इस संबंध में अभिसूचना इकाई के माध्यम से संबंधित दूतावास को भी अवगत कराया जा रहा है।

एनडीपीएस एक्ट समेत विदेशी अधिनियम में मुकदमा

मामले में थाना सूरजपुर में मु0अ0सं0 480/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 23, आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है तथा मामले में सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।।