शुक्रवार, 21 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस का वाहन चोर गिरोह पर बड़ा शिकंजा, 12 चोरी की बाइक बरामद; चार शातिर गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस का वाहन चोर गिरोह पर बड़ा शिकंजा, 12 चोरी की बाइक बरामद; चार शातिर गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से चोरी की गई 12 मोटरसाइकिलें, वारदात में इस्तेमाल एक वैगनार कार और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की कई घटनाओं के खुलासे की उम्मीद है।

पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त 2026 को थाना सेक्टर-39 पुलिस टीम ने गोदरेज बिल्डिंग के पीछे स्टेलर ग्रीन पार्क जाने वाले रोड से चार आरोपियों रवि प्रताप, विमल शाक्य उर्फ सूर्या, प्रशांत सिंह और दीपांशु को गिरफ्तार किया। तलाशी और पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर अलग-अलग राज्यों से चोरी की गई 12 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

वैगनार कार से करते थे रेकी, मौका मिलते ही उड़ाते थे बाइक

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे वैगनार कार से नोएडा और एनसीआर के विभिन्न इलाकों में घूमकर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही बाइक चोरी कर उसे सुरक्षित स्थान पर छिपा देते थे। बाद में मजबूरी का बहाना बनाकर आम लोगों को गुमराह करते हुए चोरी की मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर बेच दिया करते थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह का नेटवर्क नोएडा-एनसीआर के साथ-साथ दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ तक फैला हुआ था। बरामद मोटरसाइकिलों में कई वाहन अलग-अलग थानों में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित पाए गए हैं।

चारों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ वाहन चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ के विभिन्न थानों में दर्ज मामले शामिल हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क, चोरी के वाहनों की बिक्री और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

12 मोटरसाइकिलों के साथ वैगनार और दो चाकू बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही से टीवीएस, स्पेलेंडर और टीवीएस अपाचे समेत कुल 12 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ के पंजीकरण नंबर वाली मोटरसाइकिलें शामिल हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त वैगनार कार संख्या UP16NT7684 तथा दो अवैध चाकू भी बरामद किए गए हैं।

इस संबंध में थाना सेक्टर-39 में मु0अ0सं0 416/2026, धारा 317(2), 317(5), 3(5) बीएनएस तथा 4/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इंस्पेक्टर धर्म प्रकाश शुक्ला की टीम की प्रभावी कार्रवाई

वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए थाना सेक्टर-39 प्रभारी निरीक्षक धर्म प्रकाश शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए गिरोह तक पहुंच बनाई। पुलिस टीम की सतर्कता, सूचना तंत्र और लगातार की जा रही निगरानी के चलते चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी संख्या में चोरी के वाहन बरामद किए गए।

वहीं एसीपी प्रथम प्रवीण कुमार के पर्यवेक्षण में थाना सेक्टर-39 पुलिस की यह कार्रवाई अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में टीम ने न केवल आरोपियों को गिरफ्तार किया, बल्कि उनकी निशानदेही पर अलग-अलग राज्यों से चोरी किए गए वाहनों को बरामद कर गिरोह की गतिविधियों पर भी प्रभावी प्रहार किया है।

पुलिस अब बरामद वाहनों के संबंध में संबंधित राज्यों और थानों से जानकारी जुटाने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितने वाहनों को चोरी कर बेचा है और इनके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।।