मंगलवार, 21 जुलाई 2026

सुल्तानपुर :श्रावण मास व कांवड़ यात्रा की तैयारियों की डीएम-एसपी ने की समीक्षा। ||Sultanpur: DM-SP reviewed the preparations for the Shravan month and Kanwar Yatra.||

शेयर करें:
सुल्तानपुर :
श्रावण मास व कांवड़ यात्रा की तैयारियों की डीएम-एसपी ने की समीक्षा। 
●अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
दो टूक : सुलतानपुर मे आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक चारू निगम की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी विभागों की तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण मास में प्रमुख शिवालयों और कांवड़ मार्गों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होता है। ऐसे में सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, निर्बाध बिजली, बैरिकेडिंग, अस्थायी शौचालय और विश्राम स्थलों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बेलवाई धाम, शिवशंकर धाम, जनवारीनाथ धाम और सीताकुंड सहित सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को यात्रा मार्गों पर मेडिकल टीम, एंबुलेंस, आवश्यक दवाएं तथा सर्पदंश से निपटने के लिए एंटी वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी सीएचसी और पीएचसी पर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने कांवड़ यात्रा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, डीजे की ऊंचाई एवं चौड़ाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने होटल, ढाबों और भोजनालयों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित करने तथा शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को अलग-अलग अंकित कराने को भी कहा।
बैठक में विद्युत विभाग को सुरक्षित विद्युत आपूर्ति, लोक निर्माण विभाग को मार्गों को गड्ढामुक्त बनाने, खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य पदार्थों की जांच, आबकारी विभाग को अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तथा नगर निकायों को स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रत्नप्रतिया, अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह, सभी एसडीएम, क्षेत्राधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।