मंगलवार, 21 जुलाई 2026

सुल्तानपुर :पां सौ 39 जोड़ों ने थामा जीवन-साथी का हाथ,नवदंपतियों पर हुई पुष्पवर्षा।Sultanpur:Five hundred and thirty-nine couples took their life partners' hands, flowers were showered on the newlyweds.||

शेयर करें:
सुल्तानपुर  :
पां सौ 39 जोड़ों ने थामा जीवन-साथी का हाथ,नवदंपतियों पर हुई पुष्पवर्षा।
सात मुस्लिम जोड़ों का निकाह; सभी को मिला विवाह प्रमाणपत्र और सरकारी सहायता का लाभ।
दो टूक : आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मंगलवार को फरीदीपुर स्थित केएनआईटी परिसर में आयोजित दो दिवसीय सामूहिक विवाह समारोह का भव्य समापन हुआ। पूरे समारोह में खुशियों, उत्साह और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम देखने को मिला। कुल 539 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नए जीवन की शुरुआत की। कार्यक्रम में 532 हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों से संपन्न कराया गया, जबकि 7 मुस्लिम जोड़ों का निकाह इस्लामी परंपरा के अनुसार संपन्न कराया गया।
समारोह का शुभारंभ विधायक विनोद सिंह एवं सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए योजना की महत्ता पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विधायकगण ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नवविवाहित दंपतियों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है, जिससे वे सम्मानपूर्वक अपने नए जीवन की शुरुआत कर सकें। उन्होंने पात्र परिवारों से इस जनकल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।
समारोह के सबसे भावुक क्षण उस समय देखने को मिले जब विधायकगण, मुख्य विकास अधिकारी तथा धनपतगंज ब्लॉक प्रमुख त्रिनेत्र पांडेय ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उनके सुखद, समृद्ध और मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की। पूरे परिसर में विवाह गीत, मंगलध्वनि और शुभकामनाओं का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के समापन पर सभी नवदंपतियों को विवाह प्रमाणपत्र वितरित किए गए। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस विशाल आयोजन में सामाजिक समरसता, सर्वधर्म सद्भाव और सामूहिक सहभागिता की मिसाल देखने को मिली।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक (डीआरडीए), जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, विभिन्न खंड विकास अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं परिजन उपस्थित रहे। जिला प्रशासन के सफल समन्वय और बेहतर व्यवस्थाओं के चलते समारोह गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।