बुधवार, 22 जुलाई 2026

लखनऊ :PGI क्षेत्र में चोरी के शक में युवक को जंजीर से बांधकर सारेआम सड़क पर घुमाया,हुई कार्रवाई।।||Lucknow:A young man was chained and paraded on the streets in the PGI area on suspicion of theft.||

शेयर करें:
लखनऊ  :
PGI क्षेत्र में चोरी के शक में युवक को जंजीर से बांधकर सारेआम सड़क पर घुमाया,हुई कार्रवाई।।
इण्टरनेट पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने शोरूम गार्ड पर भी की कार्रवाई।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में चोरी के आरोप में एक युवक को जंजीर से बांधकर सारेआम सड़क पर घुमाने का मामला सामने आया है। घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत मे आयी और जहां चोरी के आरोपित युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, वहीं युवक को जंजीर से बांधने के आरोप में शोरूम के गार्ड के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार थाना पीजीआई क्षेत्र साउथ सिटी पुलिस चौकी से  सौ मीटर की दूरी पर रायबरेली रोड स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के गार्ड और कर्मियों ने बीते मंगलवार शाम एक युवक को पकड़ लिया। आरोप है कि युवक ने कुछ दिन पहले शोरूम से लोहे की सीढ़ी चोरी की थी और सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवक सीढ़ी ले जाते हुए दिखाई दिया था जिसके बाद उसकी तलाश की जा रही थी। लेकिन घटना की सूचना पुलिस को नही दी थी।
बीते मंगलवार शाम युवक दोबारा इलाके में दिखाई देने पर शोरुम के गार्ड ने उसे पकड़ लिया। 
आरोप है कि इसके बाद युवक के हाथ में जंजीर बांध दी गई और उसे उस स्थान तक ले जाया गया, जहां कथित रूप से चोरी की गई सीढ़ी बेची गई थी। इस दौरान युवक को सड़क पर जंजीर से बांधकर ले जाया गया। जिसे देखकर राहगीरों ने वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने इस तरह की अमानवीय कार्रवाई पर सवाल उठाए।
पुलिस के अनुसार युवक ने अपना नाम आजम बताया है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि उसके विरुद्ध पहले भी चोरी के मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
थाना पीजीआई के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि चोरी के आरोप में युवक आजम को हिरासत में लिया गया है। वहीं युवक को जंजीर से बांधने के मामले में शोरूम के गार्ड राहुल के विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
नोट : दो टूक मीडिया सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।