शनिवार, 18 जुलाई 2026

मऊ : राजकीय सम्प्रेषण गृह से बाल अपचारी हुआ फरार,मचा हड़कम्प ।||Mau:Juvenile delinquent escapes from the Government Observation Home; creates a stir.|

शेयर करें:
मऊ : 
राजकीय सम्प्रेषण गृह से बाल अपचारी हुआ फरार,मचा हड़कम्प ।
पुलिस घर से किया बरामद; किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष किया जाएगा पेश।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक :  मऊ राजकीय सम्प्रेषण गृह (किशोर), परदहां से फरार हुए बाल अपचारी को मऊ पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सकुशल अभिरक्षा में लेकर त्वरित कार्रवाई का परिचय दिया है। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत गठित विशेष टीम ने लगातार तलाश और मुखबिर तंत्र की मदद से बाल अपचारी को उसके घर से बरामद कर लिया।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को राजकीय सम्प्रेषण गृह (किशोर), परदहां से एक बाल अपचारी परिसर की बाउंड्री वाल फांदकर फरार हो गया था। घटना की सूचना पर अधीक्षक राजकीय सम्प्रेषण गृह की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में मु0अ0सं0 212/2026 के तहत बीएनएस की धारा 261 एवं 262 में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर नरेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन में थाना कोतवाली नगर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखा।
इसी क्रम में 18 जुलाई 2026 को मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने थाना कोपागंज क्षेत्र के ग्राम पूराघाट कुर्थीजाफरपुर में दबिश देकर फरार बाल अपचारी को उसके घर से सकुशल अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस के अनुसार उसे रात लगभग 2:30 बजे अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि बाल अपचारी को नियमानुसार संबंधित सक्षम प्राधिकारी एवं किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।