मऊ : :
बिजली के खम्भे पर गिरा पेड़,बिजली आपूर्ति ठप,आवागमन बाधित।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के नगर पंचायत कोपागंज में भरत मिलाप से मिडिल स्कूल जाने वाले मार्ग पर 7 जुलाई की देर रात्रि अचानक एक विशाल पेड़ गिर जाने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई और सड़क पर आवागमन ठप हो गया। पेड़ गिरने से 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त होकर रिहायशी इमारतों की ओर झुक गई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया और किसी बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। सूचना मिलने पर बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। कर्मचारियों ने पेड़ की शाखाओं को काटकर मार्ग को आंशिक रूप से साफ कराया, जिससे साइकिल एवं मोटरसाइकिल का आवागमन शुरू हो सका। हालांकि बड़े वाहन अब भी मार्ग से नहीं गुजर पा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि पेड़ को पूरी तरह हटाकर मार्ग को सुचारु किया जाए तथा 11 हजार वोल्ट की लाइन को सुरक्षित ढंग से ठीक कर जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
