मऊ :
छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाल कर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का दिया संदेश।।
।।देवेन्द्र k कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के रानीपुर स्थित राम नगीना इंटर कॉलेज में महिला कल्याण विभाग की ओर से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विस्तार :
कार्यक्रम का उद्देश्य बालिका शिक्षा, महिला सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में जनजागरूकता बढ़ाना रहा।
जिलाधिकारी के निर्देश तथा मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और महिला कल्याण विभाग की टीम ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने बेटी शिक्षा और महिला सम्मान से जुड़े प्रेरक नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। "बेटी है तो कल है", "बेटी पढ़ेगी, देश बढ़ेगा" और "नारी सम्मान, देश का अभिमान" जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।रैली के बाद "एक पेड़ बेटी के नाम" अभियान के तहत विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। प्रतिभागियों ने पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला मिशन समन्वयक अर्चना राय ने कहा कि बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान ही एक सशक्त एवं विकसित समाज की आधारशिला है। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन सेवाओं 112, 181, 108, 1090, 1098 और 1076 की जानकारी दी गई। साथ ही निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना तथा उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का समापन बेटी शिक्षा, महिला सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सदैव जागरूक रहने तथा इन मूल्यों को समाज में आगे बढ़ाने की सामूहिक शपथ के साथ हुआ।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक अर्चना राय, जेंडर स्पेशलिस्ट राखी राय एवं तृप्ति राय, विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार आनंद, शिक्षकगण, स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।
