गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा: ATS प्रेस्टीन सोसाइटी के फ्लैट में घरेलू सहायिका का शव मिलने से सनसनी, सर्वेंट रूम में फंदे से लटका मिला शव!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा की एटीएस प्रेस्टीन सोसाइटी में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक फ्लैट के सर्वेंट रूम में रहने वाली 19 वर्षीय घरेलू सहायिका का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना के बाद सोसाइटी में लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
पुलिस के अनुसार, डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एटीएस प्रेस्टीन सोसाइटी के एक फ्लैट में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान मृतका की पहचान सोनम (19 वर्ष) पुत्री रामपाल सिंह, निवासी ग्राम बासखेड़ा, थाना अटरिया, जनपद सीतापुर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, सोनम पिछले लगभग एक वर्ष से फ्लैट मालिक प्रशांत सिंह और उनकी पत्नी के यहां घरेलू सहायिका (मेड) के रूप में कार्य कर रही थी और फ्लैट के सर्वेंट रूम में रहती थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोनम ने रविवार देर रात किसी समय अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों और संभावित कारणों का पता लगाया जा सके।
मृतका के परिजन भी सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है और मामले में सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं अपनाई जा रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
