मऊ :
74वीं अंतर्जनपदीय जोनल पुलिस हॉकी प्रतियोगिता का भव्य समापन।।
मऊ पुरुष व वाराणसी महिला टीम बनी विजेता।
दो टूक : मऊ जनपद के डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम, मऊ में आयोजित वाराणसी जोन की 74 वीं अंतर्जनपदीय जोनल पुलिस हॉकी प्रतियोगिता का तीन दिवसीय आयोजन रविवार, 26 जुलाई 2026 को गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र श्री सुनील कुमार सिंह ने जिलाधिकारी आनन्द वर्धन एवं पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के साथ विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में वाराणसी जोन के सात जनपदों की पुलिस टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बाद पुरुष वर्ग में मऊ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि भदोही की टीम उपविजेता रही। वहीं महिला वर्ग में वाराणसी की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया और मऊ की महिला टीम उपविजेता रही।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास का सशक्त आधार हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
समारोह के दौरान खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई तथा खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों ने आयोजकों की प्रशंसा करते हुए इसे वाराणसी जोन की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
