मऊ :
ऑपरेशन 'दहन' के तहत16.96 करोड़ के अवैध मादक पदार्थ किए नष्ट।
दो टूक : मऊ जनपद को नशामुक्त बनाने की मुहिम के तहत मऊ पुलिस ने "ऑपरेशन दहन" के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ₹16 करोड़ 96 लाख 54 हजार मूल्य के अवैध मादक पदार्थों का नियमानुसार विनिष्टीकरण कराया। यह कार्रवाई विभिन्न थानों में दर्ज 08 मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों पर की गई।
विस्तार :
पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार की उपस्थिति में गठित उच्च स्तरीय एवं जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में संपन्न कराई गई।
24 जुलाई 2026 को विभिन्न थानों से जब्त 3327.684 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। इनमें कोतवाली नगर के 4, घोसी के 2, दक्षिण टोला का 1 तथा कोपागंज का 1 मामला शामिल रहा।
नष्ट किए गए मादक पदार्थ
गांजा: 3311.390 किलोग्राम (अनुमानित कीमत ₹16.55 करोड़)
चरस: 16.274 किलोग्राम (अनुमानित कीमत ₹40.68 लाख)
डायजापाम: 0.02 किलोग्राम (40 गोलियां, अनुमानित कीमत ₹16 हजार)
इन सभी मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण मेसर्स सिलिकॉन बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड, भादो (माहुल), मार्टीनगंज, आजमगढ़ स्थित अधिकृत इंसीनिरेटर/बॉयलर के माध्यम से निर्धारित पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए कराया गया।
मऊ पुलिस का कहना है कि "ऑपरेशन दहन" आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य जनपद को नशामुक्त बनाना, युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना है। यह कार्रवाई इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण और सख्त कदम मानी जा रही है।
