सोमवार, 27 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर:'श्रमिकों की लड़ाई हमारी प्राथमिकता'— नोएडा में गरजे लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश पासवान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर:'श्रमिकों की लड़ाई हमारी प्राथमिकता'— नोएडा में गरजे लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश पासवान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। नोएडा के सेक्टर-130 में आयोजित लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की श्रमिक इकाई जन मजदूर संगठन (जेएमएस) के एक भव्य संगठनात्मक कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश पासवान का पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने संगठन की मजबूती का परिचय दिया। इस दौरान श्रमिकों के अधिकारों, संगठन के विस्तार और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश पासवान ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) हमेशा मजदूरों, श्रमिकों, गरीबों और वंचित वर्ग की आवाज़ बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि श्रमिक देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके सम्मान, सुरक्षा तथा सामाजिक और आर्थिक अधिकारों की रक्षा करना पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रमिकों के हितों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और पार्टी भविष्य में भी पूरी मजबूती के साथ उनके हक की लड़ाई लड़ती रहेगी।

राजेश पासवान ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी चुनाव संगठन की ताकत को परखने का अवसर हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों, विचारधारा और जनकल्याणकारी सोच को आम जनता तक पहुंचाए। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने और श्रमिक वर्ग के बीच लगातार संवाद बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही पार्टी अपने लक्ष्यों को प्राप्त करेगी।

इस अवसर पर प्रदेश सचिव विशाल सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जन मजदूर संगठन लगातार श्रमिकों के हितों की आवाज़ बुलंद कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना और उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करना भी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए व्यापक स्तर पर सदस्यता अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि सेक्टर-130 में आयोजित यह कार्यक्रम संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा देने वाला साबित होगा। पार्टी का लक्ष्य युवाओं, श्रमिकों और समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ते हुए एक मजबूत जनाधार तैयार करना है, ताकि आम लोगों की आवाज़ को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।

बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, श्रमिक कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि जन मजदूर संगठन आने वाले समय में श्रमिकों से जुड़े हर मुद्दे को मजबूती से उठाएगा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगा।

कार्यक्रम में प्रदेश सचिव विशाल सिंह, पश्चिमी उत्तर प्रदेश सचिव रवि रंजन सोलंकी, मुकेश सिंह, कुणाल सिन्हा, मिथिलेश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने तथा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।