मऊ :
घर के बाहर खेल रही मासूम को स्कार्पियो ने कुचला,मौत; चालक। पुलिस हिरासत में।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला दोस्तपुरा इमली बाग में मंगलवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में घर के बाहर खेल रही दो वर्षीय मासूम बच्ची की स्कॉर्पियो की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम छा गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार, सादिया खातून (2 वर्ष) अपने ननिहाल मोहल्ला दोस्तपुरा इमली बाग आई हुई थी। मंगलवार की शाम वह घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान एक कार को पीछे किया जा रहा था, तभी चालक की लापरवाही के कारण मासूम कार की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। परिजन बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मासूम का शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से निकल गया था। स्थानीय लोगों ने चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही कोपागंज पुलिस सक्रिय हुई और कुछ ही देर में कार सहित चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और मासूम की असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है।
