लखनऊ :
तीन शातिर चोर गिरफ्तार,5 लाख का चोरी का माल बरामद।।
●दुकानों और वाहनों की रेकी कर देते थे वारदात को अंजाम,पुलिस ने किया खुलासा।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना नाका हिण्डोला पुलिस ने दुकानों और वाहनों में रखा सामान चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब पांच लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कई चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार थाना नाका हिण्डोला में अलग-अलग पीड़ितों की तहरीर पर दुकानों और वाहनों से सामान चोरी होने के तीन मुकदमे दर्ज थे। इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस उपायुक्त पश्चिमी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दुर्गापुरी झोपड़पट्टी से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद इमरान (19) निवासी खुजरियांव, गोमतीनगर, सौरभ अरोड़ा (31) निवासी खर्गापुर, गोमतीनगर विस्तार तथा संदीप जाटव (25) निवासी जिला गुना, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।
ऐसे देते थे चोरी की वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले दुकानों, प्रतिष्ठानों और बाहर खड़े वाहनों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही अपने साथियों की मदद से वहां रखा कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे।
भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रबर की बोरियां, फायर अलार्म मशीन, पानी की मोटरें, आरआर केबल, फाइबर ऑप्टिक, तांबे की रॉड, इलेक्ट्रॉनिक सामान, एग्जॉस्ट फैन, हार्डवेयर सामग्री, दवाइयों के कार्टन, वॉश बेसिन, कूलर फैन की पत्तियां, हैंगर तथा वोल्टास कंपनी का 1.5 टन एसी समेत करीब पांच लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमों में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।
