शनिवार, 11 जुलाई 2026

लखनऊ :दक्षिणी जोन में 'कॉप ऑफ द मंथ' सम्मान घोषित, गोसाईगंज के प्रभारी निरीक्षक दिलेश कुमार सिंह बने अव्वल।||Lucknow:The 'Cop of the Month' award was announced in the Southern Zone, with Gosaiganj Inspector-in-Charge Dilesh Kumar Singh taking the top spot.||

शेयर करें:
लखनऊ :
दक्षिणी जोन में 'कॉप ऑफ द मंथ' सम्मान घोषित, गोसाईगंज के प्रभारी निरीक्षक दिलेश कुमार सिंह बने अव्वल।
दो टूक : लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के दक्षिणी जोन में जून 2026 के लिए 'कॉप ऑफ द मंथ' सम्मान की घोषणा की गई। शनिवार को पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अमित कुमार आनंद ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना प्रभारियों और उपनिरीक्षकों को सम्मानित किया।
विस्तार :
माह जून के प्रदर्शन के आधार पर थाना गोसाईगंज के प्रभारी निरीक्षक दिलेश कुमार सिंह ने 10,728 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर थाना कृष्णानगर के प्रभारी निरीक्षक प्रद्युम्न कुमार सिंह (8,530 अंक) तथा तीसरे स्थान पर थाना मोहनलालगंज के प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार त्रिपाठी (1,671 अंक) रहे।

वहीं, तीनों सर्किलों में सर्वश्रेष्ठ उपनिरीक्षक के रूप में उपनिरीक्षक बादल सिरोहा (गोसाईगंज सर्किल), उपनिरीक्षक आशीष कुमार (मोहनलालगंज सर्किल) तथा उपनिरीक्षक सच्चिदानंद पाण्डेय (कृष्णानगर सर्किल) को 'कॉप ऑफ द मंथ' की उपाधि प्रदान की गई।

डीसीपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि दक्षिणी जोन में 13 मई 2026 से थाना प्रभारियों एवं उपनिरीक्षकों के कार्यों के मूल्यांकन के लिए ऑब्जेक्टिव इवैल्यूएशन सिस्टम लागू किया गया है। इस प्रणाली से पुलिसिंग में पेशेवर कार्यशैली, लक्ष्य आधारित कार्य संस्कृति और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिला है, जिससे जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण और कानून-व्यवस्था में सुधार के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

जून माह के दौरान दक्षिणी जोन पुलिस ने 6 गुंडा एक्ट की कार्रवाई, 10 एनबीडब्ल्यू अभियुक्तों की गिरफ्तारी, 2 नई हिस्ट्रीशीट खोलीं, 2,473 नए सीसीटीवी कैमरों का व्यवस्थापन, ऑपरेशन किरण के तहत 279 परिवारों में समझौता, 46 थाना दिवस/तहसील दिवस प्रार्थना पत्रों का निस्तारण तथा 178 माल मुकदमाती एवं सीज वाहनों का निस्तारण किया।

इसके अलावा साइबर सेल ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के 67 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को वापस दिलाए।

डीसीपी ने बताया कि जून माह में कई महत्वपूर्ण सफलताएं भी पुलिस के खाते में दर्ज हुईं। इनमें पीजीआई क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड का खुलासा, मोहनलालगंज पुलिस द्वारा नाबालिग बालिकाओं को राजस्थान में बेचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, निगोहा में दुष्कर्म के आरोपी की मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी, 74 लाख रुपये की धोखाधड़ी के दो इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी, बिजनौर में 'गिट्टा गैंग' का पर्दाफाश तथा सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस द्वारा अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का खुलासा प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं।
डीसीपी दक्षिणी ने सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल पुलिस बल में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के साथ-साथ जनता को बेहतर और प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।