लखनऊ :
सरोजनीनगर में चोरों का आतंक,डाक्टर के बंद मकान से लाखों की चोरी,दहशत मे लोग।।।
●बाजार से एक्टिवा भी उड़ा ले गए बदमाश।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना सरोजनी नगर क्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। अलग-अलग घटनाओं में जहां डाक्टर के बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी, जेवरात और डीवीआर चोरी कर ले गए, वहीं तीन नंबर बाजार से एक एक्टिवा स्कूटी भी चोरी हो गई। दोनों मामलों में पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना सरोजनी नगर क्षेत्र कृष्ण लोक फेज-2, कानपुर रोड स्थित मकान संख्या बी-211 निवासी डॉ. बिंद्रावन लाल शर्मा ने सरोजनीनगर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह 16 जुलाई 2026 को परिवार सहित प्रयागराज गए थे। लौटने पर घर के तीन कमरों के ताले टूटे मिले और पूरा सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर से उनकी पुत्रवधू, जो होम्योपैथी चिकित्सक हैं, की प्रैक्टिस की 1.25 लाख रुपये की नकदी, चार सोने की चूड़ियां, एक सोने की चेन, दो अंगूठियां, एक जोड़ी इयररिंग तथा घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। पीड़ित ने पुलिस से एफआईआर दर्ज कर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
◆वहीं दूसरी घटना में राजकिशोर पुत्र रामनाथ, निवासी बदाली खेड़ा, कानपुर रोड, सरोजनीनगर ने पुलिस को बताया कि 9 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे वह किसी कार्य से तीन नंबर बाजार गए थे। उन्होंने अपनी काली रंग की एक्टिवा (UP32NJ3783) बाजार में खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटने पर स्कूटी गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन का कोई पता नहीं चला। पीड़ित ने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर स्कूटी की बरामदगी की मांग की है। दोनों मामलों में सरोजनी नगर पुलिस ने प्राप्त तहरीरों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है।
