लखनऊ :
जौहर विश्वविद्यालय पर बुलडोजर कार्रवाई शिक्षा पर हमला, कांग्रेस करेगी संघर्ष : अजय राय।
दो टूक: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित प्रेसवार्ता में रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त करने के आदेश को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई शिक्षा के मंदिर को नष्ट करने की कोशिश है और इसे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े कथित चंदा एवं चढ़ावा मामले से जनता का ध्यान भटकाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
विस्तार :
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने योगी सरकार पर हमला करते हुए दावा किया कि रामपुर विकास प्राधिकरण ने 15 जुलाई को सुनवाई कर उसी दिन कुछ ही घंटों में 38 भवनों के ध्वस्तीकरण का आदेश जारी कर दिया, जो कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में जब विश्वविद्यालय का निर्माण हुआ था, तब संबंधित गांव रामपुर विकास प्राधिकरण के दायरे में नहीं था। वर्ष 2024 में उसे प्राधिकरण में शामिल किया गया, इसलिए उस समय नक्शा पास कराने का प्रश्न ही नहीं उठता।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार निर्माण नहीं बल्कि विध्वंस की राजनीति कर रही है। प्रदेश में लाखों सरकारी स्कूल बंद किए गए हैं, इंजीनियरिंग कॉलेज बंद हो रहे हैं और शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा संस्थानों को बचाने के बजाय उन्हें खत्म करने में लगी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में हिंदू छात्र शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं तथा सैकड़ों शिक्षक और कर्मचारी कार्यरत हैं। ऐसे में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से हजारों छात्रों, शिक्षकों और उनके परिवारों का भविष्य प्रभावित होगा। उन्होंने सरकार से विश्वविद्यालय को नष्ट न करने की मांग की।
अजय राय ने भाजपा और आरएसएस के भवनों की भी जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जिन भवनों के नक्शे स्वीकृत नहीं हैं, उन पर भी समान कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा और जंतर-मंतर पर चल रही सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
इस अवसर पर कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री डॉ. सी.पी. राय, पूर्व विधायक अखिलेश प्रताप सिंह, संजय कपूर, पूर्व एमएलसी ओम प्रकाश तिवारी, इंदल रावत, प्रवक्ता डॉ. उमा शंकर पाण्डेय सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
नोट: यह समाचार उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। इसमें व्यक्त आरोप और दावे संबंधित पक्ष के हैं।
