गुरुवार, 30 जुलाई 2026

लखनऊ :शहीद पथ पर दर्दनाक हादसा: सहकर्मी की मदद करने रुका युवक खुद बना काल का शिकार।।||Lucknow:A tragic accident on Shaheed Path: A young man who stopped to help a colleague became a victim of his own death.||

शेयर करें:
लखनऊ :
शहीद पथ पर दर्दनाक हादसा: सहकर्मी की मदद करने रुका युवक खुद बना काल का शिकार।।
सूचना पर पहुची पुलिस ने XUV चालक को हिरासत में लिया।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना पीजीआई इलाके के शहीद पथ पर बुधवार देर रात इंसानियत की मिसाल पेश करने की कोशिश एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गई। सड़क पर गिरे अपने सहकर्मी की मदद करने के लिए जैसे ही वह रुका, पीछे से तेज रफ्तार XUV-300 ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसका सहकर्मी गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती है।
विस्तार : 
थाना पीजीआई इस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह के अनुसार औरैया जनपद के मूल निवासी हिमांशु कुमार (30), जो वर्तमान में वृंदावन योजना सेक्टर-13 में रहकर अमौसी एयरपोर्ट पर बैगेज स्क्रीनिंग का कार्य करते हैं, बुधवार रात ड्यूटी समाप्त कर अपनी अपाचे मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। बीबीयू कट, शहीद पथ के पास उनकी बाइक आगे चल रही एक अज्ञात कार से टकरा गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े।
इसी दौरान उनके पीछे स्कूटी से आ रहे उनके सहकर्मी अपूर्व (35) ने हिमांशु को सड़क पर गिरा देखा और तत्काल मदद के लिए अपनी स्कूटी रोक दी। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही महिंद्रा XUV-300 ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अपूर्व गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुची पीजीआई पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल एपेक्स ट्रॉमा सेंटर पीजीआई पहुंचवाया,जहां चिकित्सकों ने जांचोपरांत अपूर्व को मृत घोषित कर दिया। वहीं हिमांशु कुमार का इलाज जारी है।
 पुलिस ने दुर्घटना में शामिल XUV-300 वाहन तथा उसके चालक को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने शीघ्र सामान्य करा दिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।।