सोमवार, 27 जुलाई 2026

लखनऊ : दो युवकों ने फांसी लगाकर दी जान,दो परिवारों मे मचा कोहराम,पुलिस जांच में जुटी।।Lucknow: Two young men hanged themselves to death, causing chaos in two families; police are investigating.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
दो युवकों ने फांसी लगाकर दी जान,दो परिवारों मे मचा कोहराम,पुलिस जांच में जुटी।।
दो टूक :  राजधानी लखनऊ में सोमवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो युवकों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटनाओं से सनसनी फैल गई। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फॉरेंसिक टीम की सहायता से साक्ष्य संकलित कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
विस्तार :
पहली घटना-- पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह सूचना मिली कि कोतवाली काकोरी क्षेत्र दुर्गागंज चौराहे से आगे मलिहाबाद रोड स्थित आम के बाग में एक युवक पेड़ से लटका हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान रोहित रावत उर्फ बउवा (25 वर्ष) निवासी दुर्गागंज, थाना काकोरी के रूप में की। बताया गया कि युवक ने चारपाई की निवार से फंदा बनाकर आम के पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर आवश्यक साक्ष्य संकलित कराए। परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को नीचे उतरवाकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की गई तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
●दूसरी घटना --
कोतवाली मड़ियांव क्षेत्र के श्रीनगर कॉलोनी में मो. तौहीद (24 वर्ष) पुत्र रफी अहमद उर्फ गुड्डू ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के समय वह घर में अकेला था। उसने कमरे में लगे पंखे से गमछे का फंदा बनाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। परिजनों ने बताया कि मृतक अविवाहित था और स्विगी/जोमैटो में डिलीवरी का कार्य करता था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
■ यदि कोई व्यक्ति मानसिक तनाव, अवसाद या भावनात्मक संकट से गुजर रहा हो, तो वह अकेले न रहें और अपने परिवार, मित्रों या किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तत्काल सहायता लें। समय पर मिला सहयोग किसी की जान बचा सकता है।