सोमवार, 27 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर:ग्रेटर नोएडा में थार हादसे ने लिया सनसनीखेज मोड़, पत्नी की मौत के बाद पति पर हत्या का गंभीर आरोप!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर:ग्रेटर नोएडा में थार हादसे ने लिया सनसनीखेज मोड़, पत्नी की मौत के बाद पति पर हत्या का गंभीर आरोप!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। दनकौर थाना क्षेत्र में रविवार को हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मथुरा से लौट रही एक थार कार भट्टा पुलिया के पास अचानक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। कार में पति-पत्नी सवार थे। हादसे के बाद पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर महिला को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब मृतका के मायके पक्ष ने इसे हादसा नहीं बल्कि हत्या बताते हुए पति पर पानी में डुबोकर हत्या करने का आरोप लगाया।

पुलिस के अनुसार, डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम भट्टा पुलिया के पास एक थार कार नहर में गिर गई है। सूचना मिलते ही दनकौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। कार में फंसी महिला को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि ग्राम भट्टा निवासी मोहित अपनी करीब 31 वर्षीय पत्नी के साथ मथुरा से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भट्टा पुलिया के पास उनकी थार कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

घटना के बाद मृतका के भाई सोनू, निवासी ग्राम खालौर, ने पति और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनकी बहन पर काफी समय से तलाक देने का दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहन की पानी में डुबोकर हत्या की गई और बाद में शव को रजवाहे में फेंककर पूरे मामले को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। मायके पक्ष ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य, घटनास्थल की परिस्थितियां और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर हर पहलू की गहन जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दनकौर थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर रही है और यदि जांच में हत्या या किसी अन्य आपराधिक साजिश के प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच में जुटी हुई है।।