मंगलवार, 21 जुलाई 2026

लखनऊ : किशोरी को अगवाह कर दुष्कर्म के आरोप में दो गिरफ्तार।||Lucknow: Two arrested on charges of kidnapping and raping a teenage girl.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
किशोरी को अगवाह कर दुष्कर्म के आरोप में दो गिरफ्तार।
●दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप,वारदात में प्रयुक्त बलेनो कार सीज।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली अलीगंज क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म, मारपीट और धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मारुति बलेनो कार को भी सीज कर लिया है। मामले में पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
विस्तार
पुलिस के अनुसार कोतवाली अलीगंज में मंगलवार  को 16 वर्षीय पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि दो नामजद युवकों और अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने उसे जबरन कार में बैठाकर ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायत मिलते ही थाना अलीगंज पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया, बयान दर्ज किए और घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्य एकत्र किए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर स्थानीय थाना क्षेत्र बंधा रोड के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान जतिन बाजपेई उर्फ छोटू (32 वर्ष) निवासी त्रिवेणीनगर-3 तथा दीपक उर्फ शिवम शुक्ला (33 वर्ष) निवासी त्रिवेणीनगर-3, अलीगंज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया है। घटना में प्रयुक्त मारुति बलेनो (UP 32 BK 8317) को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है। दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों के खिलाफ पूर्व में जुआ अधिनियम तथा अन्य आपराधिक मामलों के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि पीड़िता की सुरक्षा, आवश्यक चिकित्सीय सहायता और कानूनी प्रक्रिया सुनिश्चित की गई है। मामले में अन्य साक्ष्यों का संकलन कर विवेचना जारी है।