गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में मौत बनकर दौड़ा सरियों से भरा ट्रक, ट्रांसफॉर्मर तोड़ नाले में गिरा; केबिन चीर चालक के आर-पार हुई सरिया!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र के छपरौला इलाके में मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। दादरी से गाजियाबाद की ओर सरियों से भरा ट्रक तेज रफ्तार में जा रहा था। इसी दौरान ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे बिजली के पोल तथा ट्रांसफॉर्मर को तोड़ते हुए नाले के पार जा पहुंचा।
हादसा इतना भयावह था कि ट्रक में लदा भारी-भरकम सरिया आगे खिसककर केबिन को चीरता हुआ चालक के शरीर के आर-पार निकल गया। चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना का मंजर इतना भयावह था कि घटनास्थल पर मौजूद लोग भी सन्न रह गए।
हादसे की सूचना मिलते ही बादलपुर थाना पुलिस, राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था, जिसके कारण चालक का शव अंदर बुरी तरह फंस गया था। पुलिस ने हाइड्रा मशीन और गैस कटर की मदद से केबिन को काटकर कई घंटों की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने या नींद लगने के कारण ट्रक अनियंत्रित हुआ और यह दर्दनाक हादसा हो गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
हादसे के कारण बिजली का पोल और ट्रांसफॉर्मर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आसपास के क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लंबी दूरी तक लगातार वाहन चलाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।।
