लखनऊ :
चोरी की वारदात का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार भेजे गए जेल।।
●लगभग 4 लाख रुपये के जेवरात शत-प्रतिशत बरामद, चोरी की स्कूटी का चेसिस भी मिला
।। संवाददाता – डी. एस. शास्त्री ।।
दो टूक : कमिश्नरेट लखनऊ की थाना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात तथा चोरी की गई टीवीएस स्कूटी (UP36B2899) का चेसिस बरामद किया है।
पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध अपर्णा कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनंद, एडीसीपी रल्लापल्ली वसंत कुमार तथा एसीपी गोसाईगंज ऋषभ यादव के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक राजीव रंजन उपाध्याय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
दो मामलों का हुआ खुलासा
4 जुलाई 2026 को सेक्टर-10, पीएम आवास निवासी अनिल कुमार के घर का ताला व लॉकर तोड़कर अज्ञात चोरों ने जेवरात चोरी कर लिए थे। वहीं 11 जुलाई को बसेरा-1, सेक्टर-8 निवासी दीपिका पाण्डेय की टीवीएस स्कूटी चोरी हो गई थी। दोनों मामलों में थाना सुशांत गोल्फ सिटी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जी-20 चौराहे से उतरटिया रेलवे स्टेशन मार्ग पर शहीद पथ पुल के नीचे दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए सोने के जेवर ज्वैलरी कारीगर तौसिफ से गलवाए गए थे, जबकि चांदी के आभूषण आपस में बांट लिए गए थे। आरोपी चोरी की स्कूटी के पार्ट्स पहले ही कबाड़ी को बेच चुके थे और चेसिस बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त
संदीप कश्यप (22 वर्ष), कटरा मकबूलगंज, कैसरबाग
फुरकान बरकत (29 वर्ष), कटरा मकबूलगंज, कैसरबाग
तौसिफ (31 वर्ष), कटरा मकबूलगंज, कैसरबाग
बरामदगी
सोने का एक गलाया हुआ टुकड़ा
10 जोड़ी चांदी के बिछुआ
एक जोड़ी टूटी हुई चांदी की पायल
चोरी की टीवीएस स्कूटी का चेसिस (UP36B2899)
आपराधिक इतिहास
मुख्य आरोपी संदीप कश्यप के विरुद्ध चोरी के कुल पांच मुकदमे पहले से दर्ज हैं। फुरकान पर दो तथा तौसिफ पर एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।
दो टूक मीडिया की नजर में यह कार्रवाई कमिश्नरेट लखनऊ पुलिस की त्वरित जांच और प्रभावी कार्रवाई का उदाहरण है, जिसमें चोरी की वारदात का खुलासा कर पीड़ितों की संपत्ति बरामद करने में सफलता प्राप्त हुई।
