लखनऊ :
बहन से विवाद के बाद रैपिडो चालक ने गोमती में लगाई छलांग,घटों सर्च ऑपरेशन के बाद मिला शव।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में शनिवार तड़के एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। बहन के साथ हुए विवाद के बाद 26 वर्षीय रैपिडो चालक ने समतामूलक चौराहे से गोमती नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही गोमतीनगर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रातभर चले सघन सर्च अभियान के बाद करीब आठ घंटे पश्चात युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया। पुलिस आगे कार्रवाई मे जुटी हुई है।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार शनिवार को एक युवक ने समतामूलक चौराहे से नदी मे छलांग लगा दी थी। सूचना के बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों एवं एसडीआरएफ रेस्क्यू सर्च अभियान कर युवक तलाश शुरु कर दी और लगभग दोपहर तक नदी से शव को बरामद किया गया है।
मृतक की पहचान आकाश यादव (26) पुत्र निवासी फेस-3, राधापुरम कॉलोनी, मटियारी, थाना चिनहट के रूप में हुई है। वह रैपिडो चालक के रूप में कार्य करता था।
क्लब से लौटते समय हुआ विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आकाश अपनी बहन के साथ विभूतिखंड स्थित जलवा क्लब से पार्टी कर वापस घर लौट रहा था। दोनों समतामूलक चौराहे से 1090 चौराहे की ओर जाने वाले गोमती नदी पुल पर रुके। इसी दौरान किसी बात को लेकर भाई-बहन के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, विवाद के बीच आकाश ने अचानक पुल की रेलिंग पार कर गोमती नदी में छलांग लगा दी।
रातभर चला रेस्क्यू, सुबह मिला शव
घटना की सूचना शनिवार तड़के लगभग 3 बजे थाना गोमतीनगर पुलिस को मिली। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम को बुलाकर नदी में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। अंधेरा और नदी का तेज बहाव राहत कार्य में चुनौती बने रहे, लेकिन टीम ने लगातार अभियान जारी रखा। आखिरकार सुबह करीब 11 बजे युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर मृतक के परिजन भी मौजूद रहे। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि किन परिस्थितियों में युवक ने इतना बड़ा कदम उठाया।
कोतवाली गोमतीनगर इंस्पेक्टर के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को प्रातः लगभग 3 बजे सूचना मिली थी कि समतामूलक चौराहे से 1090 चौराहे की ओर जाने वाले गोमती नदी पुल से एक युवक ने छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की सहायता से रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। सुबह करीब 11 बजे युवक का शव बरामद कर लिया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
