गौतमबुद्धनगर: जनसुनवाई में सख्त दिखे नोएडा प्राधिकरण के CEO कृष्ण करुणेश, अधिकारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश!!
दो टूक//नोएडा, 23 जुलाई 2026। नोएडा प्राधिकरण मुख्यालय के सेक्टर-96 स्थित जनसुनवाई सभागार में गुरुवार को आयोजित जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्ण करुणेश ने शहरवासियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले का गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जनसुनवाई में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) श्रीमती वंदना त्रिपाठी सहित प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के विशेष कार्याधिकारी, महाप्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नागरिकों से प्राप्त शिकायतों और प्रार्थना-पत्रों की विस्तार से समीक्षा की तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीईओ कृष्ण करुणेश ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान किया जाए तथा शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
बैठक के दौरान शहर के विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और विभिन्न विभागों से संबंधित सुझावों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब न होने पाए।
नोएडा प्राधिकरण की इस नियमित जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसी जनसुनवाई से लोगों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित होने के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही भी मजबूत होती है।।
