सोमवार, 27 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: जेल में बंद विचाराधीन कैदी की संदिग्ध मौत! सुबह गिनती के दौरान बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम!!

शेयर करें:
गौतमबुद्धनगर: जेल में बंद विचाराधीन कैदी की संदिग्ध मौत! सुबह गिनती के दौरान बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम!!
 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर के लुकसर स्थित जिला कारागार में सोमवार सुबह एक विचाराधीन बंदी की मौत से हड़कंप मच गया। नियमित बंदी गणना (हेड काउंट) के दौरान 38 वर्षीय विचाराधीन बंदी विनय सामनिया निवासी करावल नगर, दिल्ली की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसके बाद जेल प्रशासन ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने सुबह करीब 7:30 बजे उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार विनय सामनिया 5 जुलाई 2026 से जिला कारागार में न्यायिक अभिरक्षा में बंद था। वह बीटा-2 थाना क्षेत्र में दर्ज आईटी एक्ट के एक मामले में जेल भेजा गया था। जेल प्रशासन के मुताबिक सुबह गिनती के दौरान उसकी तबीयत अचानक खराब हुई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिना देरी किए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन ने उच्च अधिकारियों और पुलिस को अवगत कराया। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस ने नियमानुसार शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मजिस्ट्रेट जांच सहित सभी आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं।

फिलहाल बंदी की मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। प्रशासन का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला कारागार में हुई इस घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटे हैं। वहीं अचानक हुई इस मौत से मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह साफ हो सकेगा कि बंदी की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही।।