सोमवार, 27 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: सीएम डैशबोर्ड पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनपद की रैंकिंग सुधारने के लिए डीएम का सख्त अल्टीमेटम!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सीएम डैशबोर्ड पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनपद की रैंकिंग सुधारने के लिए डीएम का सख्त अल्टीमेटम!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा/गौतमबुद्धनगर। जनपद गौतमबुद्धनगर को प्रदेश के शीर्ष जिलों में शामिल कराने के लक्ष्य के साथ जिलाधिकारी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड, सीएमआईएस पोर्टल एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी विभाग की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभागाध्यक्ष अपने विभाग के प्रदर्शन के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होगा और तय समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना सुनिश्चित करेगा।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों, विभिन्न निर्माण कार्यों, जीरो पॉवर्टी अभियान, ई-ऑफिस व्यवस्था, फैमिली आईडी तथा आधार सीडिंग सहित विभिन्न बिंदुओं पर विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम डैशबोर्ड और सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज प्रत्येक सूचकांक की प्रतिदिन निगरानी की जाए तथा लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि केवल पोर्टल पर आंकड़े अपलोड करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि योजनाओं का प्रभाव धरातल पर भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विभागों की प्रगति निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नहीं है, उनकी जवाबदेही तय की जाए और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग की प्रगति की नियमित समीक्षा करें और किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतें।

निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में अनावश्यक देरी या तकनीकी लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति पर नजर रखने के निर्देश भी दिए।

जीरो पॉवर्टी अभियान, ई-ऑफिस प्रणाली, फैमिली आईडी और आधार सीडिंग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करते हुए निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने और प्रत्येक विभाग द्वारा प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि गौतमबुद्धनगर को सीएम डैशबोर्ड पर प्रदेश के अग्रणी जनपदों में स्थापित करना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए अधिकारियों को आपसी समन्वय, जवाबदेही और पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा ताकि जनपद की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार हो सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, उप कृषि निदेशक राजीव कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी आशीष कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश सिसोदिया, जिला क्षय रोग अधिकारी आरपी सिंह, सहायक जिला सांख्यिकी अधिकारी अर्चना मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।।